कासगंज जिले में जल जीवन मिशन के एक इंजीनियर के साथ कथित मारपीट और रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित इंजीनियर सौरभ सिंह ने पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह से शिकायत की है। यह घटना 7 सितंबर की देर रात करीब डेढ़ बजे कासगंज कोतवाली क्षेत्र के बी ए बी इंटर कॉलेज के सामने हुई। इंजीनियर अपनी साइट भिटौना-2 से कासगंज स्थित आवास लौट रहे थे। आरोप है कि आवास विकास चौकी के पास तैनात पुलिसकर्मियों ने उनकी बाइक रोकी और कागजात चेक किए। इंजीनियर का कहना है कि कागजात सही होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनसे रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। शिकायत में आरोप है कि सिपाही कपिल भारद्वाज ने इंजीनियर सौरभ सिंह को थप्पड़ मारे और गाली-गलौज की। इसके बाद उन्हें जबरन चौकी ले जाने की कोशिश भी की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने जांच की जिम्मेदारी सीओ सदर को सौंपी है। जांच में आरोपों की सच्चाई, मौके की स्थिति और पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। इंजीनियर ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असलियत सामने आएगी। पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार है और उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

