लखीमपुर खीरी के महेवागंज चौकी क्षेत्र में सोमवार शाम लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर-ट्राला बाइक को टक्कर मारने के बाद शारदा पोषक नहर में जा गिरा। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं मृतक की पहचान जीतू (25) पुत्र प्रेम प्रकाश के रूप में हुई है। उसकी बहन सोनम (18) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बैराज से 400 मीटर पहले हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, इमामीपुरवा निवासी गुफरान लकड़ी ढोने वाला ट्रैक्टर-ट्राला लेकर ढखेरवा की ओर जा रहा था। बैराज से करीब 400 मीटर पहले ट्रैक्टर-ट्राला की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्राला अनियंत्रित होकर शारदा पोषक नहर में जा गिरा। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी फूलबेहड़ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जीतू को मृत घोषित कर दिया। सोनम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। नहर में गिरा ट्रैक्टर-ट्राला प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर से कूदकर मौके से भाग गया। हालांकि, पुलिस ने चालक के सुरक्षित होने की पुष्टि की है। पुलिस टीम नहर में गिरे ट्रैक्टर-ट्राला को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन बनमाली ने बताया कि ट्रैक्टर चालक सुरक्षित है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

