बांसवाड़ा में निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद बुधवार को नगर परिषद में नवनिर्वाचित बोर्ड का औपचारिक आगाज हो गया। नवनिर्वाचित सभापति मुकेश रावत और उपसभापति चंकी शाह ने आज विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इसको लेकर नगर परिषद कार्यालय में दिनभर राजनीतिक हलचल और उत्साह का माहौल बना रहा। माथा टेककर संभाला कार्यभार
सभापति मुकेश रावत नगर परिषद कार्यालय समयानुसार पहुंचे। कार्यालय में प्रवेश करने से ठीक पहले उन्होंने मुख्य दहलीज पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया और फिर अपने कक्ष में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से सभापति की कुर्सी संभालते हुए कार्यभार ग्रहण किया। वहीं दूसरी ओर, उपसभापति चंकी शाह ने भी अपने पद की जिम्मेदारी संभालते हुए औपचारिक रूप से कामकाज शुरू किया। ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत
इस विशेष अवसर पर नगर परिषद परिसर भाजपा के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नगर परिषद के पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों के कार्यालय पहुंचते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति और उपसभापति ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी और परिषद के सभी कर्मचारियों और पार्षदों को साथ लेकर बांसवाड़ा में सुशासन और तेज विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस औपचारिक पदभार ग्रहण के साथ ही नगर परिषद में नए बोर्ड के कामकाज की शुरुआत हो गई है।

