बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव, BNP और जमात गठबंधन के प्रत्याशी आमने सामने

बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव, BNP और जमात गठबंधन के प्रत्याशी आमने सामने

BNP Presidential Candidate: बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहा है। देश की जातीय संसद के 349 सांसद राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में मतदान करेंगे। तीन दशक से ज्यादा समय बाद देश में राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला देखने को मिल रहा है। इससे पहले 1991 में आखिरी बार दो उम्मीदवार आमने-सामने आए थे। उसके बाद से अब तक जितने भी चुनाव हुए, सब निर्विरोध ही निपट गए।

वोटों की गिनती का होगा लाइव प्रसारण

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त AMM नासिर उद्दीन ने कहा कि चुनाव में पारदर्शिता के लिए वोटों की गिनती लाइव प्रसारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए रूलिंग पार्टी BNP के उम्मीदवार मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर व मुख्य विपक्षी पार्टी जमात ए इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन के प्रत्याशी कर्नल (रि) ओली अहमद आमने सामने होंगे।

दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक डाले जाएंगे वोट

राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वोट राष्ट्रीय संसद के सत्र कक्ष में डाले जाएंगे। मतदान शुरू होने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन सांसदों को वोट डालने का तरीका समझाएंगे।

फखरुल की जीत लगभग तय

फरवरी में बांग्लादेश में हुए जातीय संसद के चुनाव में PM तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिली थी। इसलिए BNP उम्मीदवार फखरुल की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

बांग्लादेश में अब तक 12 राष्ट्रपति चुनाव हुए

बांग्लादेश के इतिहास में अब तक 12 बार राष्ट्रपति चुनाव हुए हैं। इसमें 8 बार राष्ट्रपति निर्विरोध चुने गए। संविधान लागू होने के बाद पहला चुनाव 1974 में हुआ। देश के पहले राष्ट्रपति के रूप में मोहम्मद मोहम्मदुल्लाह निर्वाचित हुए। वहीं, इसके एक साल बाद संविधान में संशोधन हुआ और सीधे जनता से राष्ट्रपति चुनने की व्यवस्था लागू कर दी गई। इसी व्यवस्था के तहत 1978, 1981 और 1986 में जनता ने अपने वोट से राष्ट्रपति चुना, लेकिन 1991 में एक बार फिर संसदीय प्रणाली वापस आ गई और तभी से राष्ट्रपति का चुनाव सांसदों के जरिए ही हो रहा है।

पूर्व राष्ट्रपति शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद चुनाव

बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 24 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन कई रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उन्होंने पूर्व पीएम शेख हसीना से फोन पर बातचीत की कोशिश की थी। इस वजह से प्रधानमंत्री तारिक रहमान उनसे नाराज हो गए थे।

चुनाव से पहले BNP में हलचल

मतदान से एक दिन पहले बुधवार को संसद भवन में BNP सांसदों की एक अहम बैठक हुई। प्रधानमंत्री के डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी जाहिदुल इस्लाम रोनी के अनुसार यह बैठक दोपहर 4 बजे शुरू हुई और इसकी अध्यक्षता खुद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने की। पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार फखरुल इस्लाम आलमगीर भी इस बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *