बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया 198 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले 2017 में मीरपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया 217 रन पर सिमट गई थी। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने 17 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट लिए। तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को 2-2 विकेट मिले। जवाब में बांग्लादेश ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट पर 96 रन बना लिए। ऑस्ट्रेलिया के लिए एकमात्र विकेट मिचेल स्टार्क ने लिया। उन्होंने टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लने वाले गेंदबाजों में कपिल देव की बराबरी कर ली। दोनों के 434 विकेट हैं। स्टार्क सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म बॉलर स्टार्क टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अपने करियर में 434वां विकेट लेकर श्रीलंका के रंगना हेराथ को पीछे छोड़ा। हेराथ के 433 विकेट हैं। ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही। लंच तक टीम ने 74 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद स्टीव स्मिथ ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के आखिरी चार विकेट भी जल्दी गिर गए। स्मिथ ने 71 रन की पारी खेली ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 109 गेंदों पर 71 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। स्मिथ ने एलेक्स कैरी के साथ पांचवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। यह ऑस्ट्रेलिया की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। कैरी 19 रन बनाकर आउट हुए। 74 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका हसन महमूद ने दिया। उन्होंने जेक वेदराल्ड को 23 रन पर आउट किया। इसके बाद अगले ही ओवर में ट्रैविस हेड को भी पवेलियन भेज दिया। मार्नस लाबुशेन सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कैमरन ग्रीन 13 रन बना सके। इस तरह लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 74 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। स्मिथ के आउट होते ही बिखरी पारी दूसरे सेशन में स्मिथ और कैरी ने पारी को संभाला। दोनों ने 55 रन जोड़े, लेकिन कैरी के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी फिर लड़खड़ा गई। ब्यू वेबस्टर 12, पैट कमिंस 9 और मिचेल स्टार्क 1 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ भी 71 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। नाथन लायन 7 रन बनाकर हसन महमूद का छठा शिकार बने। हसन महमूद का बेस्ट टेस्ट प्रदर्शन हसन महमूद ने 6/55 के आंकड़े के साथ टेस्ट में अपना बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक वेदराल्ड, ट्रैविस हेड, स्टीव स्मिथ, पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन को आउट किया। हसन के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 3 बार 5 विकेट लेने का कारनामा हो गया है। खास बात यह है कि उनके तीनों फाइव-विकेट हॉल विदेशी जमीन पर आए हैं। 2020 में हसन ने डेब्यू किया हसन महमूद बांग्लादेश के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। उनका जन्म 12 अक्टूबर 1999 को लक्ष्मीपुर, बांग्लादेश में हुआ था। उन्होंने 2020 में बांग्लादेश के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। लाबुशेन फिर फेल हुए ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। वे 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। लाबुशेन को अपना खाता खोलने के लिए 14 गेंदों का इंतजार करना पड़ा। यह लगातार आठवीं टेस्ट पारी है, जब वह 50 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके हैं। पिछले साल दिसंबर से लाबुशेन अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। ———————–
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
मॉरिस बोले- IPL फ्रेंचाइजियों ने SA20 को ग्लोबल पहचान दिलाई साउथ अफ्रीका की टी-20 लीग SA20 के पांचवें सीजन से पहले पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने लीग, खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों को लेकर बातें कीं। मीडिया डे पर मॉरिस ने कहा कि IPL फ्रेंचाइजियों के निवेश ने SA20 को आर्थिक मजबूती देने के साथ ग्लोबल पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है। पूरी खबर…
बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का लोएस्ट टेस्ट स्कोर:198 रन पर ऑलआउट, हसन को 6 विकेट; स्टार्क ने कपिल देव की बराबरी की


