बहराइच के बाबा सुंदर सिंह बधिर विद्यालय में बुधवार दोपहर दो बजे अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा व बधिर सप्ताह का समापन हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले दिव्यांग बच्चों को सम्मानित किया गया। विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस, अंतरराष्ट्रीय बधिर दिवस और ईकेएस डे पर कई प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने उत्साह से प्रतिभा दिखाई। मोहम्मद अली, गुरमिंदर सिंह, मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद अनवर, जुनैद, अजीज, विशाल, खुशी, आराध्या, रतन, तेजस, अतिशय, समर शर्मा, शिवांश, आशुतोष और नवाज रहमान समेत अन्य छात्रों को पुरस्कार मिले।
संस्था अध्यक्ष वेद प्रकाश अरोड़ा ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को उनकी काबिलियत अनुसार मौके व प्रोत्साहन मिलना चाहिए। सांकेतिक भाषा से बधिर बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलती है। इस मौके पर उपाध्यक्ष सरजीत सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, सत्येंद्र निगम, गुरविंदर सिंह, विजय बहादुर गुप्ता, अभिभावक और विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

