बहराइच में सड़क हादसे में महिला की मौत:खैरीघाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मारी, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बहराइच में सड़क हादसे में महिला की मौत:खैरीघाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मारी, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। ग्राम इमामगंज निवासी 79 वर्षीय समसुन पत्नी बरसाती सोमवार शाम करीब सात बजे किसी काम से शिवपुर जा रही थीं। बताया जाता है कि वह बसंतापुर बगिया के पास पहुंची थीं, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में शोक छा गया। खैरीघाट थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद अज्ञात वाहन की तलाश और जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *