बहराइच के मोतीपुर वन रेंज में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजड़े में कैद हो गया। यह घटना जगतापुर गुलहरिया गांव के पास सोमवार देर रात करीब तीन बजे हुई। पिछले कई दिनों से जगतापुर गुलहरिया और आसपास के गांवों में तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही थीं। शाम होते ही ग्रामीणों को तेंदुए की आवाजाही का डर सताने लगता था, जिससे लोग अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे थे। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए जगतापुर गुलहरिया गांव के पास एक पिंजड़ा लगाया गया था, जिसमें सोमवार देर रात तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के पिंजड़े में कैद होने की खबर तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच तेंदुए को पिंजड़े में सुरक्षित रखा है।

