बलिया में शिक्षकों का सम्मान:परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बोले- शिक्षक का स्वरूप भगवान से भी ऊपर

बलिया में शिक्षकों का सम्मान:परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बोले- शिक्षक का स्वरूप भगवान से भी ऊपर

बलिया के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में शनिवार को एक कार्यक्रम हुआ। इसमें समर्पण, नवाचार और शिक्षण के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल भाषण ध्यान से सुना। कार्यक्रम की शुरुआत परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती की मूर्ति के सामने दीप जलाकर और माल्यार्पण करके की। महर्षि वाल्मीकि इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ सभी का स्वागत किया। इसके बाद छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया, जिस पर लोगों ने खूब तालियां बजाईं। इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माध्यमिक के 20 और बेसिक के 30 शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान शिक्षकों सहित करीब एक हजार लोगों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षकों का सम्मान किया है। बलिया के माध्यमिक और बेसिक शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का स्वरूप भगवान से भी ऊपर होता है। अगर भगवान से मिलने का काम कोई करता है, तो वह शिक्षक ही करता है। देश के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारी और नेता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *