बलिया पुलिस ने अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मामले में दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो ग्लैमर और एक इग्नीटर बाइक शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई। शनिवार को थाना कोतवाली पुलिस टीम के उपनिरीक्षक नीरज कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ गड़वार मोड़ पर वांछितों की तलाश और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामपुर उदयभान से चोरी हुई ग्लैमर मोटरसाइकिल के चोर शिवरामपुर घाट के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे ओवरब्रिज के पास शिवरामपुर घाट जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, दोनों बाल अपचारियों की उम्र लगभग 15 और 16 वर्ष है। उन्हें अभिरक्षा में लेने के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बरामद मोटरसाइकिलों को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है।


