बरेली में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सीबीगंज थाना क्षेत्र में अटा कायस्थान के पास सोमवार शाम को एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय महिला और उसके 2 साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहन के घर से लौट रहा था परिवार भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी तस्लीम अपनी पत्नी समीना (28) और 2 साल के बेटे अदनान रजा के साथ कल्यानपुर में अपनी बहन के घर गए थे। शाम करीब 6 बजे तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर अलीनगर लौट रहे थे। जैसे ही वे सीबीगंज के अटा कायस्थान के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया टक्कर इतनी भीषण थी कि समीना और अदनान उछलकर सड़क पर जा गिरे और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तस्लीम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तस्लीम को तुरंत अस्पताल भिजवाया। दो गांवों में छाया मातम परिजनों ने बताया कि तस्लीम की शादी साल 2021 में चिठियां पखुन्नी गांव की रहने वाली समीना से हुई थी। एक साथ मां-बेटे की मौत की खबर मिलते ही अलीनगर और चिठियां पखुन्नी दोनों गांवों में मातम पसर गया है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

