बरेली जिले में एक साथ चल रहे आला हजरत के 108वें उर्स और कांवड़ यात्रा के बीच प्रशासनिक तैयारियों का असर साफ दिखाई दे रहा है। एक ओर उर्स में शामिल होने के लिए लाखों जायरीन बरेली पहुंचे हैं तो दूसरी ओर कांवड़ यात्रा भी अपने निर्धारित मार्गों पर जारी है। इसके बावजूद जिले में शांति और सौहार्द का माहौल बना हुआ है। मंडलायुक्त शंभू कुमार ने बरेली की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस के बेहतर तालमेल से सभी धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं। लाखों जायरीन पहुंचे, फिर भी व्यवस्था नियंत्रण में
मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कहा कि लाखों की संख्या में जायरीन के बरेली पहुंचने के बावजूद शहर की व्यवस्था नियंत्रित और सुचारू बनी हुई है। उर्स में आने वाले लोगों की सुविधा, यातायात और सुरक्षा को लेकर पहले से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। भीड़ के दबाव वाले क्षेत्रों में भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। कांवड़ यात्रा भी निर्धारित मार्गों पर सुचारू
कमिश्नर ने बताया कि उर्स के साथ कांवड़ यात्रा भी अपने निर्धारित रूट पर शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। दोनों आयोजनों को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में आवश्यक पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों को सुविधाएं मिलें और आम नागरिकों की रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित न हों। आई ट्रिपल सीसी सेंटर से हर गतिविधि पर नजर
मंडलायुक्त ने बताया कि जिले में स्थापित आई ट्रिपल सी सेंटर के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। कैमरों के जरिए भीड़, यातायात और प्रमुख स्थानों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी स्थान पर भीड़ बढ़ने या यातायात का दबाव बनने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इससे मौके पर स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। प्रशासन-पुलिस के तालमेल का दिखा असर
कमिश्नर शंभू कुमार ने कहा कि इतने बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों ने मिलकर पहले से तैयारियां की। अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाया। इसी का परिणाम है कि लाखों लोगों की मौजूदगी के बावजूद जिले में सभी आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। बरेली के लोगों को भी दिया श्रेय
मंडलायुक्त ने इस व्यवस्था का श्रेय केवल प्रशासन और पुलिस को नहीं दिया। उन्होंने बरेली के नागरिकों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता में स्थानीय लोगों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है। बरेली के लोगों ने जिस तरह संयम और सौहार्द का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। अधिकारियों और नागरिकों को दी बधाई
कमिश्नर शंभू कुमार ने उर्स और कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, कर्मचारियों और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह प्रशासन, पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बना रहेगा और सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन आपसी सौहार्द के साथ संपन्न होंगे।

