बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले हुए। अखाड़े में ताकत, तकनीक और फुर्ती के साथ एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। फ्रीस्टाइल के 65, 86 और 125 किग्रा भार वर्ग में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहलवान तय हुए। वहीं ग्रीको-रोमन के 60, 67, 77 और 97 किग्रा भार वर्ग में भी अंतिम चार की तस्वीर साफ हो गई। मेजबान बरेका के दीपांशु, सचिन गिरी और सागर ठाकरान ने अपने-अपने भार वर्ग में सेमीफाइनल में जगह बनाकर घरेलू दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में दीपांशु सेमीफाइनल में 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित और मेजबान बरेका के दीपांशु ने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 86 किग्रा में सचिन गिरी ने किया अंतिम चार में प्रवेश 86 किग्रा फ्रीस्टाइल में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने जीत दर्ज की। इन चारों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 125 किग्रा में चार पहलवान सेमीफाइनल में 125 किग्रा फ्रीस्टाइल में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने अंतिम चार में जगह बनाई। ग्रीको-रोमन में भी मुकाबले रहे रोमांचक ग्रीको-रोमन के 60 किग्रा भार वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष और नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 67 किग्रा में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द और अनिल ने अंतिम चार में जगह बनाई। 77 किग्रा में मेजबान बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास और वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 97 किग्रा ग्रीको-रोमन में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि और सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे ने अंतिम चार में जगह बनाई। आखिरी अंक तक जारी रही टक्कर दूसरे दिन हुए मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी तकनीक और ताकत का इस्तेमाल करते हुए आखिरी क्षण तक बढ़त बनाने की कोशिश की। कई मुकाबलों में दांव-पेंच के दौरान मुकाबला बेहद करीबी रहा। बरेका के पहलवानों के अखाड़े में उतरने पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। अनुभवी पहलवान भी प्रतियोगिता में मौजूद अंतर-रेलवे प्रतियोगिता में रेलवे के कई अनुभवी और चर्चित पहलवान भी मौजूद हैं। राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव और कृपा शंकर बिश्नोई जैसे पहलवान प्रतियोगिता के दौरान आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

