बदायूं में कांवड़ियों के लिए 400 से अधिक भंडारे:केंद्रीय राज्यमंत्री, पुलिस अधिकारियों ने कराया भोजन, बरसाए फूल

बदायूं में कांवड़ियों के लिए 400 से अधिक भंडारे:केंद्रीय राज्यमंत्री, पुलिस अधिकारियों ने कराया भोजन, बरसाए फूल

बदायूं में सावन के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों का आवागमन जारी है। कछला गंगा घाट से बदायूं शहर तक कांवड़ मार्ग शिवभक्ति में लीन है। कांवड़ियों की सेवा और खानपान के लिए कछला से बदायूं तक 400 से अधिक भंडारे लगाए गए हैं। इन भंडारों में श्रद्धालुओं को भोजन, प्रसाद और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उझानी में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने भी एक भंडारे का आयोजन किया। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों को भोजन कराया गया और उनकी सेवा की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, सुधीर श्रीवास्तव, विश्वजीत गुप्ता और आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव की सराहना की पुलिस प्रशासन भी कांवड़ियों की सेवा में सक्रिय रहा। एसपी सिटी अभिषेक सिंह और सीओ सिटी राहुल पाण्डेय ने भंडारे में पहुंचकर कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने हाथों से भोजन परोसते देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने उनके सेवा भाव की सराहना की। कछला से बदायूं तक जिले के कई प्रतिष्ठित और संपन्न लोगों ने भी जगह-जगह भंडारे लगाए हैं। इन भंडारों में कहीं पूड़ी-सब्जी और मिठाई परोसी जा रही है, तो कहीं फल, पानी और शीतल पेय की व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों के जत्थे डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उनके साथ शिव-पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां भी चल रही हैं, जिससे पूरा कांवड़ मार्ग भक्तिमय बना हुआ है। लाखों की संख्या में कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कड़ी निगरानी के बीच कांवड़ियों के जत्थों को सुरक्षित रूप से गुजारा जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *