‘बटवारा 1947’ की असफलता पर प्रीति जिंटा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मैं कर्म पर भरोसा करती हूं

‘बटवारा 1947’ की असफलता पर प्रीति जिंटा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मैं कर्म पर भरोसा करती हूं

Preity Zinta On Batwara 1947 Failure: बॉलीवुड की ‘डिंपल गर्ल’ प्रीति जिंटा ने करीब आठ साल के लंबे अरसे बाद फिल्म ‘बटवारा 1947’ से एक्टिंग की दुनिया में वापसी की थी राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी और सनी देओल की मुख्य भूमिका वाली इस ऐतिहासिक फिल्म से दर्शकों को बहुत बड़ी उम्मीदें थीं। हालांकि, भारी-भरकम स्टारकास्ट और बज के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी। अब फिल्म के निराशाजनक प्रदर्शन पर प्रीति जिंटा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। 

प्रीति जिंटा ने बटवारा 1947 के फ्लॉप होने पर क्या कहा?

प्रीति जिंटा ने मिड-डे संग खास बातचीत की। इस दौरान प्रीति जिंटा ने कहा कि एक कलाकार के रूप में वह बस अपनी मेहनत को कंट्रोल कर सकती हैं, फिल्म के बॉक्स ऑफिस नतीजों को नहीं।

अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए प्रीति ने कहा, “मुझे फिल्म ‘बटवारा 1947’ पर बहुत गर्व है और यह एक बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव रहा। मैं हमेशा उम्मीदों को संतुलित रखने की कोशिश करती हूं। एक बार जब मैं किसी प्रोजेक्ट से जुड़ती हूं, तो अपना बेस्ट देती हूं।”

प्रीति जिंटा ने आगे कहा, “मैं भगवद गीता के कर्म सिद्धांत में विश्वास रखती हूं। आप अपना काम पूरी ईमानदारी से करें और परिणाम भगवान पर छोड़ दें। मैं हर फिल्म में अपना 1000% देती हूं, बाकी जो होता है उसे आप नियंत्रित नहीं कर सकते।”

30 साल बाद साथ आए थे राजकुमार संतोषी और सनी देओल

14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘बटवारा 1947’ से दर्शकों को बड़ी उम्मीदें इसलिए भी थीं क्योंकि निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल लगभग 30 साल बाद एक साथ काम कर रहे थे। फिल्म में शबाना आजमी और अली फजल ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। Sacnilk के अनुसार, फिल्म का पहला हफ्ता महज 33.60 करोड़ रुपये पर सिमट गया था। बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के साथ हुई सीधी टक्कर ने भी इसके बिजनेस को काफी नुकसान पहुंचाया।

वहीं, जब डायरेक्टर राजकुमार संतोषी से फिल्म न चलने को लेकर सवाल पूछ गया था तो उन्होंने कहा था कि जब लोगों को पता चला कि मैं सनी के साथ फिल्म कर रहा हूं, तो वह चाहते थे कि मैं एक नियमित एक्शन फिल्म या विजिलेंटे फिल्म जैसी कोई मूवी बनाऊं। वह इस फिल्म को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे जिसमें सनी ने सिकंदर मिर्जा नाम के एक मुस्लिम आदमी की भूमिका निभाई और ऐसा पहली बार है जब उन्होंने एक मुस्लिम रोल निभाया है।

फिल्म ‘वाइब’ में सीक्रेट एजेंट बनेंगी प्रीति जिंटा

‘बटवारा 1947’ के दौर से आगे बढ़ते हुए प्रीति जिंटा अब अपनी अगली फिल्म ‘वाइब’ की तैयारियों में व्यस्त हैं। कुणाल खेमू के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रीति एक सीक्रेट एजेंट के रूप में नजर आएंगी, जिसके लिए उन्होंने कड़े एक्शन सीक्वेंस किए हैं।

अपने नए अवतार के बारे में बात करते हुए प्रीति ने कहा, “यह पहली बार है जब मैं एक हास्यप्रद बैकड्रॉप वाली फिल्म में इतना गंभीर और निडर किरदार निभा रही हूं। कुणाल सेट पर बेहतरीन कप्तान थे और मैं इस नए अवतार को दर्शकों के सामने लाने के लिए बेहद उत्साहित हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *