FlyDubai Flight Emergency: दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की एक फ्लाइट FZ1073 ने बुधवार को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लेकिन इससे पहले फ्लाइट ने हवा में इमरजेंसी कोड 7700 और फिर हाईजैक कोड 7500 भेजा। इससे हाइजैकिंग का डर पैदा हो गया और इजराइल को अपने फाइटर जेट्स भेजने पड़े। इस फ्लाइट में करीब 180 यात्रिय सवार थे। ऐसे में सवाल उठता है कि फ्लाइट ने हवा में ऐसे कोड क्यों भेजे। विमान के कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच झड़प की जानकारी मिली है। इसके बाद एक पायलट ने विमान को तेजी से नीचे ले जाने की कोशिश की। दूसरे पायलट ने कथित तौर पर उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान यात्रियों ने भी मदद की। हालांकि, घटना की सही जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
30 हजार फीट से तेजी से नीचे आया विमान
इजरायली मीडिया के मुताबिक, झगड़े के बाद एक पायलट ने विमान को करीब 30,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे ले जाना शुरू कर दिया। चैनल 14 की रिपोर्ट में दावा किया गया कि विमान करीब 15,000 फीट तक नीचे आ गया था। इसी दौरान दूसरे पायलट ने हस्तक्षेप किया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में भी विमान की ऊंचाई में असामान्य बदलाव दिखाई दिए है।
वर्टिकल स्पीड में बड़ा बदलाव
विमान के 7700 (इमरजेंसी) कोड भेजने से पहले उसकी ऊंचाई बदलने की रफ्तार करीब -30,000 से +10,000 फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी। यह सामान्य यात्री उड़ान में देखी जाने वाली रफ्तार से काफी अलग थी। विमान कुछ समय के लिए करीब 21,650 फीट तक वापस चढ़ा, लेकिन फिर 14,000 फीट से नीचे आ गया। इसके बाद यह काफी समय तक करीब 15,000 फीट की ऊंचाई पर रहा।
हाइजैकिंग का भी पैदा हुआ डर
विमान ने 7700 कोड भेजने के बाद 7500 कोड भी भेजा गया। इसका इस्तेमाल हाइजैकिंग या गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है। इसके बाद इजरायल में फ्लाइट को लेकर चिंता बढ़ गई और लड़ाकू विमानों को भेजा गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भी इमरजेंसी बैठक बुलाई।
यात्रियों ने सुनाई डरावनी कहानी
इजरायली चैनल 12 से बात करने वाले कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने कॉकपिट के पास चिल्लाने की आवाजें सुनी और विमान को अचानक नीचे जाते महसूस किया। कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में खून दिखाई देने और एक पायलट को चाकू मारे जाने का दावा भी किया। जानकारी के मुताबिक कुछ यात्रियों ने एक हमलावर को रोकने में चालक दल की मदद की। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा विमान
इस घटना से विमान का रास्ता बदला गया और आखिरकार यह सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। वहां सऊदी सुरक्षा बलों ने विमान को घेर लिया।एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी गिनती कर ली गई है। मामले की जांच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं।



The TERRIFYING plunge of the FlyDubai flight…