फ्राई पैन जल गया है तो कैसे करें साफ? नॉन स्टिक, स्टेनलेस स्टील और कास्ट आयरन के लिए जानें आसान तरीके

फ्राई पैन जल गया है तो कैसे करें साफ? नॉन स्टिक, स्टेनलेस स्टील और कास्ट आयरन के लिए जानें आसान तरीके

Burnt Pan Cleaning Tips: खाना बनाते समय कई बार फ्राई पैन नीचे से या अंदर से जल जाता है। पैन पर जमी काली परत और चिपका हुआ खाना साफ करना काफी मुश्किल लगता है। जिसके चलते लोग इसे ज्यादा जोर से रगड़कर साफ करने की कोशिश करते हैं। लेकिन रगड़ने के बजाय कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से भी इसे आसानी से साफ किया जा सकता है। आइए जानते हैं जले हुए फ्राई पैन को साफ करने के कुछ आसान तरीके।

बेकिंग सोडा और पानी से करें सफाई

अगर पैन में खाना बुरी तरह चिपक गया है तो इसे साफ करने के लिए सबसे पहले इसमें इतना पानी डालें कि जला हुआ हिस्सा अच्छी तरह डूब जाए। अब इसमें थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर पानी को कुछ देर गर्म करें। पानी को कुछ मिनट हल्का उबलने दें। इसके बाद गैस बंद करके पैन को थोड़ा ठंडा होने दें। अब लकड़ी के चम्मच या नॉन स्क्रैच स्पंज की मदद से जमी हुई परत को धीरे धीरे हटाएं। इसके बाद पैन को डिश सोप से धोकर साफ पानी से अच्छी तरह साफ कर लें।

बेकिंग सोडा और सिरके से भी कर सकते हैं साफ

जले हुए दाग के ऊपर बेकिंग सोडा और थोड़ा सफेद सिरका डालें। दोनों के मिलते ही झाग बनने लगेगा। इसे कुछ देर ऐसे ही रहने दें। इसके बाद थोड़ा गुनगुना पानी डालकर नॉन स्क्रैच स्पंज से हल्के हाथ से रगड़ें। बहुत ज्यादा जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है। अगर दाग काफी पुराना है तो इस तरीके को दोबारा किया जा सकता है।

नमक भी कर सकते हैं इस्तेमाल

जले हुए पैन की सफाई में नमक भी मदद कर सकता है। खासकर कास्ट आयरन पैन में मोटा नमक डालकर जमे हुए खाने को लकड़ी के स्पैटुला से धीरे धीरे हटाया जा सकता है। इसके बाद नमक निकालकर पैन को साफ कपड़े से पोंछें। कास्ट आयरन पैन को साफ करने के बाद उसे पूरी तरह सुखाना जरूरी है। नमी रहने पर इसमें जंग लग सकती है। जरूरत हो तो पैन की सतह पर थोड़ा तेल लगाकर स्टोर कर सकते हैं।

स्टेनलेस स्टील पैन ऐसे करें साफ

अगर स्टेनलेस स्टील का पैन जला है तो पहले उसे ठंडा होने दें। इसके बाद उसमें गर्म पानी डालकर करीब 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे चिपका हुआ खाना नरम हो सकता है। फिर डिश सोप और नॉन स्क्रैच स्पंज से पैन को साफ करें। बहुत ज्यादा जला हुआ खाना आसानी से नहीं निकल रहा है तो पैन में पानी भरकर उसे कुछ मिनट उबाला जा सकता है। इससे जमी हुई परत ढीली हो जाती है और उसे आसानी से हटाया जा सकता है।

नॉन स्टिक पैन की सफाई करते समय रखें ध्यान

नॉन स्टिक पैन को साफ करते समय ज्यादा जोर से रगड़ने या स्टील वूल जैसे खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल करने से बचें। इससे पैन की कोटिंग खराब हो सकती है। ऐसे पैन में पहले गर्म पानी और थोड़ा डिश सोप डालकर जमे हुए खाने को नरम करें। इसके बाद मुलायम स्पंज से धीरे धीरे साफ करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *