फ्रांस के रेनॉयर म्यूज़ियम में 98 करोड़ की चोरी, नायाब पेंटिंग्स लेकर रफूचक्कर हुए चोर

फ्रांस के रेनॉयर म्यूज़ियम में 98 करोड़ की चोरी, नायाब पेंटिंग्स लेकर रफूचक्कर हुए चोर

फ्रांस (France) के दक्षिणी शहर कैग्नेस-सुर-मेर (Cagnes-sur-Mer) में स्थित रेनॉयर म्यूज़ियम (Renoir Museum) में चोरी का मामला सामने आया है। लेकिन यह कोई मामूली चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों की चोरी है। सही पढ़ा आपने। दरअसल दो चोरों ने तड़के सुबह म्यूज़ियम में घुसकर 4 पेंटिंग्स चुरा ली। उन्होंने बिजली के चाकू और आरी से पेंटिंग्स के फ्रेम के बोल्ट काटे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अलर्ट बजने के 5 मिनट बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक चोर रफूचक्कर हो चुके थे।

98 करोड़ की चोरी

सीसीटीवी कैमरों में दोनों चोर भागते हुए दिखे। पुलिस ने दोनों का पीछा किया तो दो पेंटिंग्स बगीचे में ही छोड़कर वो भाग गए। चोरी की गई पेंटिंग्स की कुल कीमत करीब 9 मिलियन यूरो (करीब 98 करोड़ रूपए) बताई जा रही है।

चोरों की तलाश जारी

पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है, जो अभी भी जारी है। उनके पास अभी भी म्यूज़ियम से चुराई गई दो पेंटिंग्स हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस से बचकर भागने की हड़बड़ी में उनके हाथों से दो पेंटिंग्स गिर गई।

पियरे-अगस्टे रेनॉयर का आखिरी घर था यह म्यूज़ियम

यह म्यूज़ियम मशहूर फ्रांसीसी प्रभाववादी चित्रकार पियरे-अगस्टे रेनॉयर (​Pierre-Auguste Renoir) का आखिरी घर था, जहाँ 1919 में उनका निधन हो गया था। 1960 में इसे म्यूज़ियम बना दिया गया था। इसमें उनकी कई पेंटिंग्स, मूर्तियाँ, उनके परिवार के फर्नीचर, व्हीलचेयर और अन्य निजी वस्तुएं प्रदर्शन के लिए रखी हुई हैं। इसके अलावा भी कई पेंटिंग्स इस म्यूज़ियम में रखी हुई हैं। नगरपालिका ने बताया कि चोरी हुई दो पेंटिंग्स ‘मैडम कोलोना रोमानो’ और ‘यंग वुमन एट द वेल’ थीं। ये दोनों पेंटिंग्स पेरिस के मशहूर ओर्से म्यूज़ियम की हैं और कैग्नेस-सुर-मेर के रेनॉयर म्यूज़ियम को लोन पर दी गई थीं।

चिंता का विषय

फ्रांस के एक मशहूर म्यूज़ियम में इस तरह चोरी होना चिंता का बिषय है। पिछले साल पेरिस के लूव्र म्यूज़ियम (Louvre Museum) में दिनदहाड़े आभूषणों की चोरी हुई थी। यूरोप में हाल के वर्षों में इस तरह की कई चोरियाँ देखने को मिली हैं। इस तरह की घटनाएं देश और उस म्यूज़ियम को को सांस्कृतिक क्षति पहुंचाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *