फिल्मकार Madhur Bhandarkar बनाएंगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर फिल्म

फिल्मकार Madhur Bhandarkar बनाएंगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर फिल्म

निर्माता मधुर भंडारकर फिल्म ‘श्यामा-द मिसिंग चैप्टर’ का निर्देशन करेंगे, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर आधारित है। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि आदित्य कुमार हलवासिया और भंडारकर फिल्म का निर्माण ‘भंडारकर एंटरटेनमेंट’ और ‘एकेएच वेंचर्स’ के तहत कर रहे हैं। मुखर्जी एक भारतीय शिक्षाविद और राजनेता थे।

उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूर्ववर्ती वैचारिक संगठन था। कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति के रूप में अपने शुरुआती दिनों से लेकर, जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में स्वतंत्र भारत के पहले मंत्रिमंडल में अपने कार्यकाल तक, उनकी यात्रा दृढ़ विश्वास, साहस और कठिन राजनीतिक निर्णयों से भरी रही। यह फिल्म सरकार के साथ उनके वैचारिक मतभेदों, मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के उनके फैसले और 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना करने के उनके कदम को दिखाएगी।

इसमें जम्मू-कश्मीर में परमिट प्रणाली के खिलाफ उनके 1953 के अभियान और हिरासत में उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों पर भी फिर से गौर किया जाएगा। ‘फैशन’, ‘हीरोइन’ और ‘बबली बाउंसी’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले भंडारकर ने कहा कि फिल्म निर्माता के तौर पर उनके लिए मुखर्जी के जीवन को खंगालना ‘‘चुनौतीपूर्ण और काफी परिश्रम वाला’’ काम रहा है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘ ‘श्यामा’ के माध्यम से, मैं भारत के इतिहास के एक अहम अध्याय को ईमानदारी, संवेदनशीलता और एक नए दृष्टिकोण के साथ पर्दे पर लाना चाहता हूं।’’
हलवासिया ने कहा कि इसका उद्देश्य मुखर्जी की ‘‘असाधारण यात्रा को पर्दे पर लाना है, ताकि नयी पीढ़ी को इतिहास जानने, हमारी विरासत को अपनाने और उन मूल्यों को समझने के लिए प्रेरित किया जा सके, जो हमारे देश के भविष्य को आकार देने में मदद करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन इस बात की याद दिलाता है कि सच्चा नेतृत्व साहस, दृढ़ विश्वास और राष्ट्र सेवा में निहित है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *