फाजिल्का के लाल बत्ती चौक के पास उस समय हंगामा हो गया, जब सीमेंट से भरा एक कैंटर पुलिसकर्मी की कार से टकरा गया। कार का एक शीशा टेढ़ा हो गया। हालांकि, इस दौरान कोई बड़ा हादसा होने से बच गया, लेकिन मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। पुलिसकर्मी ने कैंटर ड्राइवर को रोक लिया। पुलिसकर्मी ने कहा कि सीसीटीवी में सामने आ जाएगा कि किसकी गलती है, जबकि कैंटर ड्राइवर ने पुलिसकर्मी पर बेवजह रौब झाड़ने का आरोप लगाया। फिरोजपुर से अबोहर की ओर जा रहा था कैंटर ड्राइवर कुलदीप सिंह ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी गाड़ी में सीमेंट लोड कर फिरोजपुर से अबोहर की ओर जा रहा था। फाजिल्का के लाल बत्ती चौक में ट्रैफिक लाइट हरी होने के बाद वह चौक पार करने लगा। इसी दौरान साथ से गुजर रही एक कार के साथ कैंटर की टक्कर हो गई। कार में एक पुलिसकर्मी सवार था। अपनी गाड़ी आगे लगाकर उसे रोक लिया टक्कर के बाद पुलिसकर्मी ने डीसी कार्यालय के पास अपनी गाड़ी आगे लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद सड़क पर दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। कैंटर ड्राइवर ने पुलिसकर्मी पर वर्दी का रौब दिखाने के आरोप लगाए। सीसीटीवी निकलवाकर दिखा सकते हैं दूसरी तरफ, पुलिसकर्मी सुरेश कुमार का कहना है कि वह मौके की सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर दिखा सकते हैं। पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया कि गलती करने के बाद भी उसे गलत बोला जा रहा है और मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।

