फरीदाबाद 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनेंगे:सरकार ने चार जगहों के लिए निगम और HSVP से जमीन मांगी,पहले प्रयास रहे विफल

फरीदाबाद 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनेंगे:सरकार ने चार जगहों के लिए निगम और HSVP से जमीन मांगी,पहले प्रयास रहे विफल

फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं है। शहर में करीब 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 14 हजार निजी और छह हजार व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। ऐसे में वाहन मालिकों को घरों या अपने संस्थानों में ही वाहन चार्ज करने पड़ रहे हैं। सरकार ने चार्जिंग नेटवर्क बनाने की पहल की
अब सरकार ने शहर में चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की दिशा में पहल की है। इसके लिए नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। पहले चरण में शहर में चार चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। जलभराव वाली जगहों पर नहीं बनेंगे स्टेशन
चार्जिंग स्टेशन के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने की जिम्मेदारी नगर निगम की प्लानिंग ब्रांच को दी गई है। अधिकारियों को ऐसी जगहों की तलाश करनी होगी, जहां वाहनों की आवाजाही आसान हो और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। स्थान तय होने के बाद प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजा जाएगा। दो बार प्रयास हुए, 16 जगह भी चिह्नित की थीं
नगर निगम इससे पहले भी दो बार सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना बना चुका है। उस दौरान शहर में 16 स्थानों को चिह्नित किया गया था। योजना के तहत चार्जिंग स्टेशन लगाने वाली एजेंसी को पूरा खर्च उठाना था, जबकि नगर निगम को इन स्टेशनों से राजस्व मिलने की उम्मीद थी। जगहों को लेकर सहमति नहीं बनी, योजना अटक गई
चिह्नित स्थानों के बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ सकी। सूत्रों के अनुसार चार्जिंग स्टेशन के लिए चुनी गई जगहों को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच मतभेद सामने आए। इसके चलते निगम को पूरी योजना रद्द करनी पड़ी। अब सरकार की पहल के बाद इस प्रोजेक्ट को दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। 20 हजार वाहन, सार्वजनिक चार्जिंग सुविधा शून्य
आरटीए के रिकॉर्ड के अनुसार फरीदाबाद में करीब 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 14 हजार निजी और छह हजार व्यावसायिक वाहन हैं। दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के इलेक्ट्रिक वाहन इस आंकड़े में शामिल हैं। सार्वजनिक स्टेशन नहीं होने के कारण अधिकांश वाहन घर या संस्थान में ही चार्ज किए जाते हैं। चार्जिंग के दौरान आग का खतरा भी
घर या संस्थान में चार्जिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना जरूरी है। लापरवाही या तकनीकी खराबी की स्थिति में आग लगने का खतरा रहता है। फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पहले हो चुकी हैं आग लगने की घटनाएं 11 जून 2025: सेक्टर-15 में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगी। 25 जून 2025: ग्रीन फील्ड कॉलोनी में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगी। 28 जुलाई 2025: सेक्टर-30 मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। 19 मई 2-026: सेहतपुर-बसंतपुर रोड पर चल रही इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक बंद हुई और उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह जल गई। 14 जुलाई 2026: पल्ला थाना क्षेत्र में चलती स्कूटी में आग लग गई। 200 इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी चाहिए चार्जिंग नेटवर्क
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) शहर में 200 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सेक्टर-61 में करीब पांच एकड़ क्षेत्र में बस डिपो विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इन बसों के संचालन के लिए डिपो में पर्याप्त चार्जिंग व्यवस्था भी जरूरी होगी। ऐसे में शहर में चार्जिंग नेटवर्क की जरूरत आने वाले समय में और बढ़ जाएगी। अधिकारी बोले- जल्द भेजेंगे प्रस्ताव
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए प्लानिंग ब्रांच की ओर से उपयुक्त जगह तलाशने का काम किया जा रहा है। स्थान चिह्नित होने के बाद प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेज दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *