फरीदाबाद में एनआईटी क्षेत्र के कई इलाकों में 31 अगस्त से तीन दिन (3 सितंबर) तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। बाटा फ्लाईओवर के पास रेनीवेल लाइन नंबर-3 में लीकेज की मरम्मत के लिए एफएमडीए ने 72 घंटे का शटडाउन लेने का फैसला किया है। यह काम 31 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगा और 3 सितंबर को सुबह 11 बजे तक चलेगा। रेलवे ट्रैक के नीचे है लीकेज एफएमडीए की टीम बाटा फ्लाईओवर के पास रेलवे ट्रैक के नीचे रेनीवेल लाइन के उस हिस्से की मरम्मत करेगी, जहां लीकेज होने का अनुमान है। इस लीकेज के कारण काफी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। साथ ही एनआईटी क्षेत्र में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। लीकेज ठीक होने के बाद पानी की बर्बादी को रोकने में मदद मिलेगी। इन क्षेत्रों में नहीं होगी सप्लाई शटडाउन के दौरान एसबीएस सारन तालाब, अग्रवाल बूस्टर, जनता कॉलोनी और एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं होगी। ऐसे में इन इलाकों के लोगों को 31 अगस्त से पहले ही पीने और रोजमर्रा के काम के लिए पानी का इंतजाम करने की सलाह दी गई है। तीन इलाकों में कुछ पानी मिलेगा एसबीएस परशुराम, पर्वतिया कॉलोनी और डबुआ कॉलोनी में पूरी तरह पानी बंद नहीं होगा। इन क्षेत्रों में रेनीवेल लाइन नंबर-6 से आंशिक रूप से पानी की सप्लाई जारी रहेगी। हालांकि, लोगों को यहां भी पानी की उपलब्धता कम रहने के कारण पहले से व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है। जानकारी के लिए अधिकारी से करें संपर्क एफएमडीए के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। काम की स्थिति या पानी की सप्लाई से जुड़ी जानकारी के लिए एफएमडीए के जेई एवं जलापूर्ति प्रभारी देवेंद्र से 8053336614 पर संपर्क किया जा सकता है।

