फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के मलेरना रोड पर रविवार देर शाम ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी आरिफ के रूप में हुई है। वह कंपनी में ऑटो चलाने का काम करता था। युवक के भाई की करीब 3 साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। पीछे से बाइक में मारी टक्कर, फिर ऊपर चढ़ाई ट्रॉली जानकारी के अनुसार, आरिफ रविवार देर शाम किसी काम से अपनी बाइक पर मलेरना रोड से जा रहा था। वह अभी कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आरिफ सड़क पर गिर गया। आरोप है कि चालक ने इसके बाद भी वाहन नहीं रोका और ट्रैक्टर-ट्रॉली को आरिफ के ऊपर चढ़ा दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। ऑटो चलाने का काम करता था आरिफ एक कंपनी में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी सहित पत्नी है। बेटे की उम्र 3 साल है और बेटी की उम्र 6 साल है। आरिफ के भाई की 3 साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस कर रही मामले की जांच आदर्श नगर थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाही की जा रही है।

