औरैया में फफूंद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेन संख्या 04173 प्रयागराज-वरावल स्पेशल का ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ट्रेन के चालक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। क्षेत्रवासी लंबे समय से स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे। नए ठहराव को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। ट्रेन सप्ताह में एक दिन प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। रेलवे की समय सारणी के अनुसार ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर दोपहर 2:13 बजे फफूंद स्टेशन पहुंचती है और दो मिनट के ठहराव के बाद 2:15 बजे इटावा के लिए रवाना होती है। फफूंद से इटावा जंक्शन पहुंचने का निर्धारित समय 2:43 बजे है। हालांकि, पहले दिन ट्रेन निर्धारित समय से एक घंटे आठ मिनट देरी से दोपहर 3:21 बजे फफूंद पहुंची।
स्थानीय नागरिकों ने ट्रेन के ठहराव के लिए रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उनका कहना है कि इससे दिबियापुर, औरैया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। लोगों ने भविष्य में फफूंद स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव शुरू करने और यात्री सुविधाओं का विस्तार करने की मांग भी की।
कार्यक्रम में श्याम सिंह, रंजीत पोरवाल, अरविंद पोरवाल, दीपक गुप्ता, समीर विष्णोई, हरिओम सोनी, रियाज, जावेद और जितेंद्र सक्सेना समेत कई नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


