प्रॉपर्टी टैक्स में तत्काल नाम परिवर्तन के लिए अब ऑनलाइन अपॉइंटमेंट

प्रॉपर्टी टैक्स में तत्काल नाम परिवर्तन के लिए अब ऑनलाइन अपॉइंटमेंट

ahmedabad. शहर में प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में तत्काल नाम परिवर्तित कराने के लिए अब नागरिकों को सिटी सिविक सेंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने इस सेवा के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट व्यवस्था शुरू कर दी है। घर बैठे स्लॉट बुक कर निर्धारित समय पर पहुंचने वाले नागरिकों का काम प्राथमिकता से किया जाएगा। इसके साथ ही सभी सिटी सिविक सेंटरों पर क्यूआर कोड स्कैन कर यूपीआइ के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।

मनपा के ई-गवर्नेंस विभाग के अनुसार, डिजिटल सेवाओं के विस्तार के तहत प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में तत्काल नामांतरण के लिए अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल सोमवार, बुधवार और शुक्रवार के लिए उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय के अनुसार संबंधित सिटी सिविक सेंटर पहुंचने पर आवेदकों को लंबी कतार में खड़े रहने या अधिक इंतजार की जरूरत नहीं होगी। इससे कम समय में नामांतरण की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।

नकद राशि की नहीं होगी आवश्यकता

मनपा ने सभी सिटी सिविक सेंटरों पर आधुनिक डिजिटल भुगतान प्रणाली भी लागू कर दी है। इसके तहत अब नागरिकों को नकद राशि साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रॉपर्टी टैक्स, प्रोफेशनल टैक्स, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न सेवाओं का शुल्क काउंटर पर क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा यूपीआइ से भुगतान किया जा सकेगा। इन व्यवस्थाओं से नागरिकों का समय बचेगा, कार्यालयों में भीड़ कम होगी और सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुरक्षित तथा सुविधाजनक बनेंगी।

थलतेज में एक साथ उतरे पांच विभाग, सफाई से लेकर अतिक्रमण हटाने तक चला अभियान

शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने थलतेज वार्ड स्थित अजंता एलोरा सोसायटी क्षेत्र में बहुविभागीय विशेष अभियान चलाया।मनपा के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विभाग, मलेरिया, गार्डन, इंजीनियरिंग और एस्टेट विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से सफाई, फॉगिंग, ड्रेनेज की सफाई, हरित कचरे के निस्तारण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

मनपा के अनुसार अभियान के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से कचरा एवं हरित अपशिष्ट हटाकर क्षेत्र की सफाई की गई। गार्डन विभाग ने पेड़ों और उद्यानों के आसपास जमा हरित कचरे का निस्तारण किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने बारिश के मौसम को देखते हुए मच्छरों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक स्थानों पर फॉगिंग कराई।इंजीनियरिंग विभाग ने जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ड्रेनेज लाइनों और चैंबरों की गाद साफ कराई। वहीं, एस्टेट विभाग ने सार्वजनिक मार्गों और स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मौके पर ही कार्रवाई कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *