प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला:पीलीभीत में हाईवे किनारे खाई में घायल मिला, हालत गंभीर

प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला:पीलीभीत में हाईवे किनारे खाई में घायल मिला, हालत गंभीर

पीलीभीत के इस्लामनगर में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावर उसे गंभीर हालत में सड़क किनारे खाई में छोड़कर फरार हो गए। दोपहर करीब दो बजे बरेली-पूरनपुर हाईवे पर पूर्णागिरि ढाबे के पास घायल युवक पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे आगे के इलाज के लिए ले गए हैं। घायल युवक माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, युवक सोमवार सुबह करीब नौ बजे दोस्त से मिलने की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह इस्लामनगर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी कई बार इस इलाके में आता-जाता रहा है। दोपहर करीब दो बजे पूर्णागिरि ढाबे के पास सड़क किनारे खाई में युवक घायल अवस्था में मिला। उसके पेट के बाएं हिस्से में चाकू के दो गहरे घाव और बाएं हाथ पर कट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। बाइक और मोबाइल पुलिस ने कब्जे में लिया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से युवक की बाइक और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। गंभीर हालत को देखते हुए युवक के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले गए। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक पर हमला किसने किया और हमले के पीछे क्या वजह थी। पुलिस मामले को लेकर अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हमलावरों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *