प्रयागराज के 2,157 राशन विक्रेताओं के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपए से बढ़ाकर 125 रुपए प्रति क्विंटल करने के साथ ई-पॉश आधारित कमीशन प्रणाली की शुरुआत की। प्रयागराज में जिला पंचायत सभागार समेत सभी तहसीलों में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिले के कोटेदारों को इस बढ़ोतरी से सालाना करीब 9.59 करोड़ रुपए का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह मौजूद रहे। इस दौरान छह उचित दर विक्रेताओं को बढ़े हुए लाभांश के प्रतीकात्मक चेक दिए गए। सरकार ने 336 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट रखा जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से बढ़ाकर 125 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने करीब 336 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वार्षिक बजट व्यवस्था की है। प्रयागराज के 2,157 कोटेदारों को इससे सालाना करीब 9.59 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। राशन दुकानों पर 39 रोजमर्रा के सामान मिलेंगे मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि ई-पॉश मशीनों से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है। लाभांश बढ़ने से कोटेदारों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि अब उचित दर दुकानों पर रोजमर्रा के इस्तेमाल की 39 मानक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी गई है। राशन दुकानें बनेंगी कॉमन सर्विस सेंटर सरकार उचित दर दुकानों को कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। यहां बिजली बिल जमा करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही दुकानों को जन-पोषण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई जरूरी सेवाएं मिल सकें। राशन कार्ड की ऑनलाइन सेवाएं शुरू कार्यक्रम में राशन कार्ड से जुड़ी कई ऑनलाइन सुविधाओं की शुरुआत भी की गई। इनमें राशन कार्ड विभाजन, यूनिट निरस्तीकरण, यूनिट स्थानांतरण, राशन कार्ड स्थानांतरण और राशन कार्ड समर्पण जैसी सेवाएं शामिल हैं। सभी तहसीलों में देखा गया मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फूलपुर, सोरांव, फाफामऊ, हंडिया, प्रतापपुर, बारा, करछना, कोरांव और मेजा तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इन कार्यक्रमों में स्थानीय उचित दर विक्रेता भी मौजूद रहे।

