प्रयागराज में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में तेज आंधी चली और इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवा और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। देर रात हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह मौसम कुछ साफ नजर आया, लेकिन आसमान में अब भी काले घने बादल छाए हुए हैं। बुधवार सुबह से बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है और हवाएं भी चल रही हैं। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। हालांकि, सुबह धूप निकलने के कारण दिन में तापमान बढ़ने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने का अनुमान है। देखें तस्वीरें….. शाम तक फिर बदल सकता है मौसम मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज में बुधवार शाम तक एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है। इस दौरान बीच-बीच में तेज बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
देर रात की बारिश से कई जगह जलभराव देर रात हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। जल निकासी कमजोर होने वाले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह तक कई जगहों पर सड़क किनारे और निचले हिस्सों में बारिश का पानी जमा रहा। हालांकि, बुधवार सुबह से बारिश थमी हुई है और फिलहाल बादलों के बीच हल्की धूप निकल रही है। मौसम विभाग की बारिश की चेतावनी को देखते हुए आने वाले घंटों में शहरवासियों को फिर तेज बारिश का सामना करना पड़ सकता है।


