प्रयागराज के आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) न्यू कैंट में बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय ‘AWES बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट 2026’ का आगाज हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस स्पर्धा के पहले दिन एपीएस हिसार, एपीएस कंड्रोरी (पंजाब) और एपीएस क्लेमेंट टाउन ने अपने-अपने मुकाबलों में संघर्षपूर्ण जीत दर्ज कर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। समारोह के मुख्य अतिथि व विद्यालय के अध्यक्ष पूर्व यूपी एमपी सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर नवनीत डागर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल स्पर्धाएं खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से उबरने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। लीग आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता के पहले चरण में 08 से 10 अक्टूबर तक गर्ल्स टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की छह प्रमुख आर्मी पब्लिक स्कूल की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके बाद 12 से 14 अक्टूबर तक बॉयज टूर्नामेंट का आयोजन होगा। पहले दिन के रोमांचक परिणाम
उद्घाटन मैच में एपीएस हिसार ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मेजबान एपीएस ओल्ड कैंट प्रयागराज को 34-11 के अंतर से मात दी। दिन का सबसे संघर्षपूर्ण मुकाबला एपीएस कंड्रोरी (पंजाब) और एपीएस खड़की (पुणे) के बीच रहा, जहां अंतिम पलों तक चले कांटे के मैच में एपीएस कंड्रोरी ने 39-35 से जीत दर्ज की। सांयकालीन सत्र के मुकाबलों में एपीएस क्लेमेंट टाउन ने रक्षात्मक और आक्रामक खेल के तालमेल से एपीएस ओल्ड कैंट प्रयागराज को 27-03 के बड़े अंतर से पराजित किया। आज के अंतिम मैच में एपीएस कंड्रोरी ने अपने विजयी प्रदर्शन को जारी रखते हुए एपीएस कोलकाता को 33-12 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की। खेल के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या नीना शंकर ने प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता टीमों को बधाई दी और अन्य टीमों को आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं दीं।

