प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत 410 ग्राम अफीम जब्त की है। यह अफीम एक कार में एलईडी के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल हुई बलेनो कार भी जब्त कर ली है। जब्त अफीम की कीमत करीब 2 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई जलोदा जागीर थाना पुलिस ने की। थानाधिकारी देवीसिंह के नेतृत्व में टीम ने भेरवी जागीर रोड पर गश्त के दौरान नीले रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार (आरजे 27 सीएफ 4462) की तलाशी ली। तलाशी में कार के अंदर एलईडी के पीछे छिपाई गई अफीम मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालीखेड़ा निवासी रामसिंह (23) पुत्र मानसिंह झाला और लोकेन्द्रसिंह (27) पुत्र लालसिंह झाला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब अफीम की खरीद और बिक्री से जुड़े दूसरे लोगों की भी जांच कर रही है।

