प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड के बाद शुक्रवार को सपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई। शुक्रवार शाम 6:40 मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एएसपी, सपा नेता से कहते नजर आ रहे हैं कि ‘ब्लैकमेल करने पर एसओ का निलंबन नहीं करूंगा।’ सपा नेता लीलापुर एसओ के निलंबन की मांग कर रहे थे। मामला लीलापुर थाना क्षेत्र के मानापुर सिंधौरा गांव का है। शव घर पर रखकर गिरफ्तारी की मांग सौरभ के परिजनों ने शव को घर पर रखकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और लीलापुर एसओ के निलंबन की मांग कर रहा है। इसी दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा मृतक के घर पहुंचे। उनके साथ रानीगंज विधायक आरके वर्मा भी मौजूद रहे। SO के निलंबन को लेकर हुई बहस परिजनों और सपा नेताओं की ओर से लीलापुर एसओ को निलंबित करने की मांग की गई। इस पर पुलिस अधिकारियों और नेताओं के बीच बहस हो गई। वायरल वीडियो में एडिशनल एसपी सपा नेता से कहते सुनाई दे रहे हैं कि ब्लैकमेल करने पर एसओ का निलंबन नहीं किया जाएगा। परिजनों की कई मांगें परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। इसके अलावा सौरभ की पत्नी को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक शस्त्र लाइसेंस देने की मांग भी की गई है। छह नामजद समेत 12 पर केस गुरुवार देर शाम सौरभ विश्वकर्मा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, मामले में छह नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीन टीमें गिरफ्तारी में जुटीं एसपी दीपक भूकर ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल परिजन शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए अपनी मांगों पर अड़े हैं।


