अंबाला के सुल्तानपुर स्थित दशमेश नगर में सोमवार शाम पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों के साथ तलवार और कृपाण से भी हमला किया गया। झड़प में एक महिला समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को उपचार के लिए अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुरानी रंजिश को लेकर फिर हुआ विवाद बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और हथियार भी निकाल लिए गए। अचानक हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया। घायलों के बयान के बाद होगी कार्रवाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।

