गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के भभुआ में सोमवार शाम पूर्व सपा मंत्री योगेश प्रताप सिंह के घर के बाहर बने कुएं में गिरने से 59 वर्षीय श्रीराम लोध की मौत हो गई। श्रीराम किसान इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व मंत्री के घर आए थे। खाना खाने के बाद कुएं के पास बैठे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे श्रीराम विद्यालय का काम खत्म करने के बाद पूर्व सपा मंत्री के घर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद वह घर के बाहर बने कुएं के पास बैठ गए। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ा और वह पीछे की तरफ कुएं में गिर गए।
बरसात के कारण कुएं में काफी पानी भरा था। डूबने से उनकी मौत हो गई। घर के बाहर मौजूद लोगों ने रस्सी के सहारे उन्हें कुएं से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिटायरमेंट में तीन महीने बाकी थे बताया गया कि श्रीराम लोध का घर पूर्व मंत्री के भभुआ कोट के ठीक पीछे है। वह पूर्व मंत्री के किसान इंटर कॉलेज में लंबे समय से चपरासी के पद पर तैनात थे। उनकी सेवानिवृत्ति में करीब तीन महीने ही बाकी थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलने पर करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। करनैलगंज कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि पूर्व सपा मंत्री के घर के बाहर बने कुएं में अचानक संतुलन बिगड़ने से श्रीराम गिर गए थे। कुएं में डूबने से उनकी मौत हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। पूर्व सपा मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि श्रीराम उनके पुराने संबंधी और परिवार के सदस्य जैसे थे। घर के बाहर बने कुएं में अचानक गिरने से उनकी दुखद मौत हुई है। वह पीड़ित परिवार के साथ हैं।

