पूर्व मंत्री चांदना की पत्नी की एंडेवर का एक्सीडेंट-VIDEO:तेज रफ्तार थार ने गाड़ी को मारी थी टक्कर, तीन मजदूर हो गए थे घायल; सीसीटीवी सामने आया

पूर्व मंत्री चांदना की पत्नी की एंडेवर का एक्सीडेंट-VIDEO:तेज रफ्तार थार ने गाड़ी को मारी थी टक्कर, तीन मजदूर हो गए थे घायल; सीसीटीवी सामने आया

मानसरोवर इलाके में 31 अगस्त की देर रात हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। हादसे में कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड एंडेवर कार और तेज रफ्तार थार की टक्कर हुई। टक्कर के बाद थार पलट गई और ई-रिक्शा को चपेट में ले लिया। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के नीचे तिराहे पर रात करीब 1 से 1:30 बजे हुआ। सामने आए सीसीटीवी में तेज रफ्तार ब्लैक थार एंडेवर से टकराती नजर आ रही है। टक्कर के बाद थार पलट गई। इसके बाद एंडेवर भी अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराई। ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में घायल शंकर सिंह (50), मुकेश जावली (48) निवासी लक्ष्मणगढ़, अलवर और उमाशंकर (48) निवासी जनता कॉलोनी, आदर्श नगर को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार दो घायलों का एसएमएस अस्पताल और एक का मानसरोवर स्थित निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। थार और एंडेवर सवार मौके से फरार हादसे के बाद थार और एंडेवर में सवार लोग मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार थार में युवतियां सवार थीं। एंडेवर को अशोक चांदना का भतीजा चला रहा था, ऐसी जानकारी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। एंडेवर पर ओवरस्पीड के 18 से ज्यादा चालान पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक हादसे में शामिल एंडेवर RJ 08 UD 5986 ललिता चांदना के नाम से रजिस्टर्ड है। इस वाहन पर पहले से ओवरस्पीड और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के 18 से अधिक चालान पेंडिंग बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में शामिल थार RJ 60 CG 5986 वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम बताई गई है। थार पर भी ओवरस्पीड के चार से अधिक चालान होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने थार और एंडेवर को जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *