मऊ पुलिस लाइन परिसर में रविवार को वामा सारथी वैलनेस कैंप के तहत मासिक चिकित्सा शिविर लगा। इसमें जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को नियमित जांच के लिए प्रेरित किया। शिविर में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और जिला अस्पताल की टीम ने सहयोग किया। वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कुल 108 लोगों की जांच हुई। 51 लोगों को दवाएं दी गईं और डॉक्टरों ने स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी। समस्या को नजरअंदाज न करने की सलाह जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने बताया कि नियमित जांच से बीमारियों का समय पर पता चल जाता है, जिससे गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से हर महीने लगने वाले शिविर का लाभ उठाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने भी अपनी जांच कराई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने और किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। डीएम और एसपी ने कैंप का निरीक्षण भी किया। प्रफुल्ल कुमार राय और अवनीश यादव ने इसे सफल बनाने में सहयोग किया।

