भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन और परिवहन को लेकर शुक्रवार को बड़लियास थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। इसमें 3 ट्रेलर जब्त किए हैं। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया- एसपी सागर राणा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को डीएसटी टीम से सूचना मिली थी। इसमें बताया था कि जीवा का खेड़ा गांव के पास माताजी की बन्नी के पास में बजरी के स्टॉक से ट्रेलरों में बजरी भर रहे हैं। इस सूचना पर जीवा का खेड़ा माताजी की बन्नी में पहुंचे। जहां बजरी के स्टॉक से एक ट्रेलर बजरी से भरा हुआ और दूसरा ट्रेलर खाली बजरी भरने के लिए स्टॉक पर खड़ा था। पुलिस को देख ड्राइवर ट्रेलर छोड़ कर भागा वहीं दूसरी कार्रवाई के दौरान नाहरगढ़ चौराहे से पहले रोड़ पर ट्रेलर का ड्राइवर ट्रेलर को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। उसको चेक किया तो ट्रेलर में बजरी भरी हुई पाई गई। तीनों ट्रेलरों को जब्तकर थाने लाकर खड़ा किया। तीनों वाहनों के ड्राइवरों और मालिकों पर संगठित होकर अवैध बजरी खनन परिवहन करने पर मामला दर्ज किया गया । ये थे टीम में शामिल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम मेंजसवंत सिंह थाना प्रभारी बड़लियास, एएसआई रामेश्वर लाल, कांस्टेबल विनोद कुमार, पंकज कुमार, अशोक कुमार, नाहर सिंह, दीवान कालूराम इंचार्ज डीएसटी मय टीम शामिल रही।

