देवरिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया। इसके तहत मंदिर परिसर में सफाई, मरीजों को फल बांटना, रक्तदान शिविर और वृद्धाश्रम में केक काटकर जन्मदिन मनाने जैसे कई कार्यक्रम हुए। इनमें पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुबह सात बजे शहर के राघव नगर स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर परिसर में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। देखें, 3 तस्वीरें… इसके बाद सुबह 10 बजे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को फल बांटे गए। इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक काली प्रसाद, प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल और सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा मौजूद रहे। नेताओं ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
दोपहर 12 बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर लगाया। आयोजकों के मुताबिक, शिविर में 21 यूनिट रक्तदान किया गया। इसमें युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
वहीं, शहर के पूरवा क्षेत्र स्थित वृद्धाश्रम में दो बजे एक कार्यक्रम हुआ। यहां सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने वृद्धाश्रम में रहने वाले लोगों के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की गई। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा गतिविधियों के तौर पर मनाने के लिए जिले में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिनभर चले इन कार्यक्रमों में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

