हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद शनिवार सुबह परिजनों ने बंसीपारा गांव के पास शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए। रावतपुर में बाइक रोककर पीटने का आरोप बंसीपारा निवासी छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात उनका बेटा सुरेंद्र बाइक से अपनी बहन के घर गोड़वा जा रहा था। रावतपुर गांव में शराब ठेके के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से सुरेंद्र की पिटाई कर दी। घायल सुरेंद्र को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया था घटना के बाद परिजन सुरेंद्र को कोथावां के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के अस्पताल में शुक्रवार शाम इलाज के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। 7 आरोपियों पर केस, गिरफ्तारी न होने से परिजन नाराज छोटेलाल की शिकायत पर पुलिस ने 10 सितंबर को मदारी, इनामी, बईठू, सतीश, राजेंद्र, मिथलेश और रजनीश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका कहना था कि आरोपी खुलेआम घूम रहे थे। इसी नाराजगी में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे परिजनों ने बंसीपारा गांव के पास शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया। कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

