सोशल मीडिया पर रील्स देखकर हथियार लहराने और रखने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। पानीपत पुलिस की CIA-3 टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर 11/12 में गंदे नाले की पटरी से एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी यमुनानगर का रहने वाला है, जो पानीपत में अपने दोस्त से मिलने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चांदनीबाग में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गुप्त सूचना पर नाला पटरी के पास दबिश सीआईए-3 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार शाम को पुलिस टीम को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि यमुनानगर निवासी एक युवक अवैध हथियार के साथ सेक्टर 11/12 स्थित कटारिया लैंड के पास गंदा नाला की पटरी पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए-3 की टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की और घेराबंदी कर युवक को काबू कर लिया। पैंट की जेब से मिला अनलोड देसी कट्टा पुलिस टीम ने जब युवक की तलाशी ली, तो उसकी जींस पैंट की जेब से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की गई तो वह अनलोड पाया गया। जब पुलिस ने युवक से हथियार का लाइसेंस या वैध परमिट मांगा, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपनी पहचान इमरान उर्फ साहिल निवासी गांव शादीपुर, जिला यमुनानगर के रूप में बताई। देहरादून से 3 हजार में खरीदा था हथियार पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी इमरान ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे सोशल मीडिया पर गानों और रील्स को देखकर अवैध हथियार रखने का चस्का चढ़ गया था। अपना यह शौक पूरा करने के लिए वह करीब एक महीने पहले उत्तराखंड के देहरादून गया था, जहां उसे एक अज्ञात युवक मिला। आरोपी ने उस युवक से महज 3,000 रुपए में यह देसी पिस्तौल खरीदी थी। मंगलवार को वह इसी हथियार को अपने पास रखकर पानीपत में अपने एक दोस्त से मिलने आया था। 2 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी सीआईए-3 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपी इमरान के खिलाफ थाना चांदनीबाग में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर उत्तराखंड में बैठे मुख्य असला सप्लायर के ठिकानों का पता लगाएगी और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।

