पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहे हैं मोहसिन नकवी, इनकी कर सकते हैं छुट्टी

पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहे हैं मोहसिन नकवी, इनकी कर सकते हैं छुट्टी

Mohsin Naqvi: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। इस करारी हार के बाद टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नौवें स्थान पर खिसक गई। अब इस खराब प्रदर्शन का असर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अधिकारियों और चयन समिति पर भी पड़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी टीम में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी कर रहे हैं।

आकिब जावेद की हो सकती है छुट्टी

एक रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी राष्ट्रीय चयन समिति में भी बदलाव करने पर विचार कर रहा है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और वरिष्ठ चयनकर्ता आकिब जावेद की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें उनके पद से हटाया जा सकता है। आकिब जावेद उस समय भी चर्चा में आए थे, जब इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान की टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल किया गया था। उस मुकाबले के बाद सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके अलावा मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी उनके पदों से हटा दिया गया था।

हार के सिलसिले को रोकना चाहता है PCB

पीसीबी से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि मोहसिन नकवी को अब महसूस हो गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट में स्थिति सुधारने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है। सूत्र के मुताबिक, टीम के लगातार खराब प्रदर्शन और अचानक होने वाले बदलावों को रोकने के लिए अब कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

आकिब जावेद इससे पहले भी पाकिस्तान टीम के कोचिंग स्टाफ और कप्तानी में लगातार बदलावों को लेकर आलोचनाओं के घेरे में रहे हैं। ऐसे में चयन समिति में बदलाव की स्थिति में उनकी छुट्टी भी संभव मानी जा रही है।

वहाब रियाज पर भी गिरेगी गाज?

पीसीबी की संभावित कार्रवाई सिर्फ पुरुष टीम की चयन समिति तक सीमित नहीं रहने वाली है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज भी मुश्किल में नजर आ रहे हैं। वह फिलहाल पाकिस्तान महिला टीम के मेंटर के तौर पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में इस महीने होने वाले एशियाई खेलों के अभियान के बाद उन्हें भी जिम्मेदारी से मुक्त किया जा सकता है।

माइक हेसन को लेकर भी चर्चा तेज

इस बीच पाकिस्तान के मौजूदा व्हाइट-बॉल कोच माइक हेसन का नाम भी चर्चा में है। इंग्लैंड दौरे के दौरान कोचिंग सेटअप में किए गए बदलावों को हेसन की बढ़ती भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजीलैंड के इस कोच ने पाकिस्तान की पुरुष टीम के लिए सभी फॉर्मेट में जिम्मेदारी संभालने में रुचि दिखाई है। ऐसे में आने वाले दिनों में पाकिस्तान क्रिकेट में चयन समिति से लेकर कोचिंग स्टाफ तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *