Bilawal Bhutto marriage rumor: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बेटे व पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी एकबार फिर मीडिया की सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वह भारत के खिलाफ गीदड़-भभकी को लेकर नहीं, बल्कि अपनी शादी से जुड़ी अफवाह को लेकर चर्चा में हैं। पाकिस्तान में कई सोशल मीडिया साइटों पर यह दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत बेनजीर भुट्टो के 37 वर्षीय बेटे बिलावल की शादी ऑस्ट्रिया के शाही खानदान में होने वाली है। हालांकि, बिलावल भुट्टो की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने सोशल मीडिया के दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
कुछ दिनों से पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे थे कि पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया के बीच स्थित छोटे से देश लिक्टेंस्टाइन गए थे। यहां वह बेटे बिलावल की शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पहुंचे थे। कुछ यूजर्स ने यहां तक लिखा कि बिलावल भुट्टो की शादी 26 वर्षीय ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग से होने वाली है।
ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग कौन हैं?
ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग, आर्चड्यूक कार्ल ऑफ ऑस्ट्रिया और फ्रांसेस्का वॉन थिसेन-बोर्नमिज्सा की बेटी हैं। वे हैब्सबर्ग-लॉरेन खानदान से ताल्लुक रखती हैं और ऑस्ट्रिया के आखिरी शासक सम्राट व हंगरी के अंतिम राजा कार्ल प्रथम की नातिन की बेटी हैं।
पाकिस्तानी मीडिया ने भी किया इसे रिपोर्ट
पाकिस्तान की एक ऊर्दू अखबार ने इस पर रिपोर्ट की। डेली औसाफ नामक अखबार ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं और जरदारी की यूरोप यात्रा इसी से जुड़ी है। हालांकि, बाद में यह रिपोर्ट हटा दी गई।
अभी तक कोई पुष्टि नहीं
पाकिस्तानी राष्ट्रपति भवन ने 27 अगस्त को इस बात की पुष्टि की कि जरदारी एक निजी यात्रा पर विदेश गए थे, लेकिन बयान में यह नहीं बताया गया कि वे कहां गए और इस यात्रा का मकसद क्या था। न तो बिलावल भुट्टो जरदारी और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने अब तक इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया दी है या शादी को लेकर कोई पुष्टि की है।

