पाकिस्तान के ट्रेन हादसे में 5 की मौत, 30 घायल:पंजाब में रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कराची से पेशावर जा रही थी

पाकिस्तान के ट्रेन हादसे में 5 की मौत, 30 घायल:पंजाब में रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कराची  से पेशावर जा रही थी

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह यात्री ट्रेन के पटरी से उतरने से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:15 बजे पंजाब के मुल्तान में शेर शाह ब्रिज के पास हुआ। रहमान बाबा एक्सप्रेस कराची से पेशावर जा रही थी। घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तर हॉस्पिटल ले जाया गया। हादसे वाली जगह पर बचाव दलों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, 13 डिब्बों को हादसे वाली जगह से हटा दिया गया है। एक डिब्बे में बचाव कार्य अभी जारी है। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें प्रधानमंत्री शहबाज ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने को कहा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में घायल यात्रियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बिना देरी के बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने को भी कहा। ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ने के साथ पाकिस्तान रेलवे और संबंधित अधिकारी ज्यादा जानकारी दे सकते हैं। पाकिस्तान में पहले भी हो चुके हैं बड़े रेल हादसे पाकिस्तान में रेल हादसे होते रहे हैं। देश का रेलवे सिस्टम लंबे समय से कम निवेश, पुरानी पटरियों और पुराने सिग्नल सिस्टम जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन वजहों से रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इससे पहले 2023 में दक्षिणी पाकिस्तान में एक पैसेंजर ट्रेन की 10 बोगियां पटरी से उतर गई थीं। उस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई थी और 90 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *