गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में पहली बार हृदय ट्रांसप्लांट के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने यह कॉरिडोर हृदय को सुरक्षित और समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए तैयार किया। बुधवार, 9 सितंबर 2026 को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से हवाई मार्ग से लाया गया हृदय गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। हिंडन एयरपोर्ट पर दोपहर 2:03 बजे हृदय को एंबुलेंस में रखा गया। गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल तक सुरक्षित पहुंचाया। करीब 20 किलोमीटर की यह दूरी सिर्फ 16 मिनट में तय की गई। ग्रीन कॉरिडोर के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने रास्ते में यातायात को नियंत्रित किया। इससे एंबुलेंस बिना रुके आगे बढ़ सकी। हृदय के सुरक्षित अस्पताल पहुंचने पर फोर्टिस हॉस्पिटल के प्रबंधन, स्टाफ, मरीज के परिजनों और आम लोगों ने गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस की तारीफ की। पुलिस ने इस मौके पर कहा कि अंगदान महादान है। किसी व्यक्ति के अंगदान से दूसरे व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। गौतमबुद्धनगर पुलिस जीवन बचाने के इस अभियान में पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार है।

