Veer Guardian 2026 In Jodhpur: जोधपुर स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर भारत और जापान के बीच संयुक्त वायु अभ्यास ‘वीर गार्जियन 2026’ चल रहा है। यह द्विपक्षीय वायु रक्षा अभ्यास 9 सितंबर से 22 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास में भारतीय वायु सेना (IAF) और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JASDF) के जवान और लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं।
बता दें कि अभ्यास के दौरान भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता ने एयर फोर्स स्टेशन जोधपुर पहुंचकर अभ्यास में हिस्सा लिया। दोनों देशों के वायुसेना प्रमुख तेजस लड़ाकू विमान में एक साथ उड़ान भी भरेंगे।
‘वीर गार्जियन 2026’ भारत और जापान के बीच हवाई अभियानों में आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें दोनों देशों की वायु सेनाएं विभिन्न हवाई अभियानों और प्रशिक्षण गतिविधियों के जरिए अपने अनुभव साझा कर रही हैं।
यह भारत और जापान के लड़ाकू विमानों के बीच दूसरा संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास है। इससे पहले वर्ष 2023 में जापान में ‘वीर गार्जियन 23’ का आयोजन किया गया था। खास बात यह है कि ‘वीर गार्जियन 2026’ जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमानों से जुड़ा पहला ऐसा अभ्यास है, जो भारत में आयोजित किया जा रहा है।

