पलवल में 1.5 लाख का इनामी डकैत गिरफ्तार:परिवार को बंधक बनाकर डाली डकैती, सोने-चांदी के जेवर लूटे, कई महीने से चल रहा फरार

पलवल में 1.5 लाख का इनामी डकैत गिरफ्तार:परिवार को बंधक बनाकर डाली डकैती, सोने-चांदी के जेवर लूटे, कई महीने से चल रहा फरार

पलवल जिले की हथीन थाना पुलिस और एसटीएफ गुरुग्राम की संयुक्त टीम ने 1.5 लाख रुपए के अंतरराज्यीय इनामी डकैत धारा सिंह को गिरफ्तार किया है। धारा सिंह मथुरा (यूपी) के रायपुर बांगर का निवासी है और वर्तमान में भिवानी के जुई गांव में रह रहा था। उस पर हथीन के खरिया मोहल्ले में बंधक बनाकर डकैती और लूट का आरोप है। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह वारदात 23 अप्रैल को वार्ड नंबर-दस, खरिया मोहल्ला, हथीन निवासी सन्नी के घर हुई थी। रात के समय 8-10 हथियारबंद बदमाश जबरन घर में घुस गए थे और पूरे परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। डकैती में शामिल रहे तीन बदमाश पहले ही पकडे़ जा चुके इस मामले में हथीन थाना पुलिस ने पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें अलीगढ़ (यूपी) के संग्रामपुर रोड कस्बा निवासी सुभाष, रायपुर बांगर निवासी नरेश, पांच हजार का इनामी अरविंद और पंजाब निवासी एक लाख पांच हजार का इनामी शंकर पहलवान शामिल थे। मुख्य आरोपी धारा सिंह को अब एसटीएफ गुरुग्राम और हथीन पुलिस ने संयुक्त अभियान में पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी धारा सिंह के खिलाफ हथीन में डकैती का एक मुकदमा दर्ज है, जिस पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसके अलावा, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में डकैती और लूट के तीन अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं, जिनमें उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का उद्देश्य लूटी गई रकम बरामद करना और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *