पलवल जिले के पृथला गांव में 21 साल के किक बॉक्सर गौरव तंवर की मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि उसके 2 दोस्त दीपक और राहुल ने उसे पेय पदार्थ में जहर मिलाकर पिलाया था। पिता राजेश कुमार की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर की शाम करीब 5 बजे गौरव घर लौटा और उसे उल्टियां होने लगीं। मां के पूछने पर गौरव ने बताया कि उसके दोस्तों दीपक और राहुल ने उसे पेय पदार्थ में कुछ मिलाकर पिलाया था। इलाज के दौरान फरीदाबाद में तोड़ा दम तबीयत बिगड़ने पर परिवार गौरव को पलवल के निजी अस्पताल ले गया। वहां से उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल भेजा गया। हालत में सुधार न होने पर उसे सेक्टर-62 के दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, अस्पताल में गौरव ने मामा हरीश को बताया कि दोस्तों ने उसे कुछ पिलाया था। इसकी वीडियो क्लिप पुलिस को दी गई है। गदपुरी थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था गौरव मृतक के पिता राजेश कुमार के 2 बच्चे थे, जिनमें एक बेटा और एक बेटी। उसका बेटा गौरव किक बॉक्सर था और कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका था। उसने कई पदक भी जीते। गौरव उसका इकलौता पुत्र था, यह कहते हुए उसके पिता की आंखें भर आई और चुप्प हो गए। हत्या की वजह का नहीं चला पता पिता राजेश कुमार के अनुसार उसके दोस्तों ने किस वजह से हत्या की, इसका उन्हें कुछ पता नहीं है। उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी। परिजनों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि हत्या के कारणों का पता चल सके। क्या कहते है पुलिस अधिकारी गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों द्वारा दिए गए मृतक के मौत से पहले के वीडियो की भी गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

