कानपुर के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र श्री पनकी हनुमान मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर परिसर में 1.82 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। शनिवार दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में विधि-विधान से भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम शुरू हुआ। पूजन कार्यक्रम का समापन 2.30 बजे हुआ।
सांसद ने किया भूमिपूजन और शिलान्यास
कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि पनकी हनुमान मंदिर कानपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कानपुर में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी धार्मिक पर्यटन और विरासत स्थलों के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। विधायक बोले- लंबे समय से थी विकास की जरूरत
भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मंदिर के विकास के लिए प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग और सांसद रमेश अवस्थी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पनकी हनुमान मंदिर के विकास की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। 1.84 करोड़ रुपए की स्वीकृति से अब मंदिर परिसर का भव्य और व्यवस्थित विकास संभव होगा।
उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य केवल पनकी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे कानपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
महंत ने जताया आभार
मंदिर के महंत कृष्णदास जी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी उपेंद्र शुक्ला, सतेंद्र नाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, अजय राय, दीपक शुक्ला, ललित उपाध्याय, चंद्रमणि चौबे, विजय मिश्रा, दिनेश बाजपेयी, संतोष सिंह, मनीष बाजपेयी, अरुण दुबे, राम पाल, आशीष बाजपेयी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


