पत्नी से अलग हुआ पिता, बेटी से मिलने की चाहत, 11 साल बाद जैकी श्रॉफ ने याद की ‘मखमल’

पत्नी से अलग हुआ पिता, बेटी से मिलने की चाहत, 11 साल बाद जैकी श्रॉफ ने याद की ‘मखमल’

Makhmal short film: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपनी शॉर्ट फिल्म ‘मखमल’ के 11 साल पूरे होने पर इसे याद किया है। एक्टर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर शेयर किया, जिसमें वह चाइल्ड आर्टिस्ट पलक डे के साथ नजर आ रहे हैं। जैकी ने पोस्ट के साथ #11YearsOfMakhmal लिखा और फिल्म से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कीं।

Makhmal
इंस्टाग्राम स्टोरी

पिता और बेटी के रिश्ते की कहानी थी ‘मखमल’

फराज अली के निर्देशन में बनी ‘मखमल’ की कहानी मुंबई के एक जरदोजी कारीगर जमाल के इर्द-गिर्द घूमती है। जमाल अपनी पत्नी से अलग हो चुका है और अपनी छोटी बेटी के साथ समय बिताना चाहता है। फिल्म इसी पिता और बेटी के भावनात्मक रिश्ते को केंद्र में रखती है।

कहानी में मखमल का एक टुकड़ा पिता और बेटी के बीच जुड़ाव का प्रतीक बनता है। जैकी श्रॉफ ने फिल्म में जमाल का किरदार निभाया था। उनके शेयर किए पोस्टर में भी वह छोटी बच्ची के साथ एक भावुक पल में नजर आ रहे हैं।

दो दिन में शूट हुई थी फिल्म

फराज अली ने ‘मखमल’ की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया था। फिल्म के पोस्टर पर अब्बास सैयद और इम्तियाज शेख को प्रोड्यूसर, फराज अली को राइटर-डायरेक्टर, गौरव सी. भट को सिनेमैटोग्राफर, वैभव कोठारी को एडिटर और सागर कपूर को म्यूजिक कंपोजर का क्रेडिट दिया गया है। फिल्म की कास्ट में दीप्ति शर्मा और भुवन अरोड़ा भी शामिल थे।

कहा जाता है कि ‘मखमल’ की शूटिंग महज दो दिनों में पूरी कर ली गई थी। इसके बाद फिल्म ने सैन फ्रांसिस्को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड भी जीता।

जैकी के लिए खास थी ‘मखमल’

‘मखमल’ जैकी श्रॉफ के लिए इसलिए भी खास मानी जाती है, क्योंकि इस शॉर्ट फिल्म में उन्हें एक इंटिमेट और गंभीर कहानी में काम करने का मौका मिला। जैकी अक्सर अपनी फिल्मों की सालगिरह पर उनसे जुड़े पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं और अपने साथ काम कर चुके कलाकारों और क्रू को भी याद करते हैं।

जैकी श्रॉफ ने साल 1982 में फिल्म ‘स्वामी दादा’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘हीरो’, ‘कर्मा’, ‘राम लखन’, ‘परिंदा’, ‘रंगीला’ और ‘गर्दिश’ जैसी फिल्मों में काम किया और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *