पत्नी बोली- पति ने सुसाइड नहीं किया, हत्या हुई:मुझे बच्चे को लेकर घर छोड़ना पड़ा; लखीमपुर में लड़की भगाई, फिर किया था सुसाइड

पत्नी बोली- पति ने सुसाइड नहीं किया, हत्या हुई:मुझे बच्चे को लेकर घर छोड़ना पड़ा; लखीमपुर में लड़की भगाई, फिर किया था सुसाइड

‘मेरे पति ने सुसाइड नहीं किया, उनकी हत्या हुई है। पड़ोसियों की लड़की जबसे उनके साथ गई थी, तभी से वो लोग धमकी दे रहे थे। मेरे ऊपर हमला कर दिया। कहने लगे कि जो मेरी बहन को भगाकर ले गया, हम उनकी पत्नी को मार डालेंगे। डरकर मुझे बच्चे को लेकर घर छोड़कर भागना पड़ा। इतने बड़े तमंचे से कोई अपनी कनपटी में गोली कैसे मार सकता है। मुझे न्याय चाहिए।’ यह कहना है लखीमपुर में रहने वाली शायरा का। जिसके पति इदरीश पर आरोप है कि वह पड़ोस की युवती को किडनैप करके ले गया। फिर लड़की के भाई को गोली मारकर खुद सुसाइड कर लिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने की वजह से गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर पढ़ुआ थाना क्षेत्र के दुलही गांव पहुंची। मरने वाले युवक और घायल के परिवार से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… पहले पूरा मामला समझिए… शुक्रवार (18 सितंबर) को अखिलेश को उसके घर के बाहर गोली मार दी गई थी। इसके बाद इदरीश ने खुद अपनी कनपटी पर भी गोली मारकर जान दे दी। शव के पास से 315 बोर का अवैध बंदूक, जिसका बैरल सामान्य तमंचे से बड़ा (करीब 12 इंच का) था। उधर, अखिलेश की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका लखनऊ में इलाज चल रहा है। अखिलेश ने 16 सितंबर को इदरीश के खिलाफ बहन को भगा ले जाने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने गुरुवार (17 सितंबर) को लड़की को बरामद कर लिया था। गांव में आमने-सामने हैं दोनों के घर दुलही गांव में अखिलेश (33) और इदरीश (38) के घर आमने-सामने हैं। इदरीश ई-रिक्शा चलाता था। उसके घर में पत्नी शायरा बानो (32) और एक 10 साल का बेटा बिलाल है। शायरा प्रेग्नेंट है। 3 छोटे भाई रहीश, हफीज और मुनव्वर हैं। तीनों भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। अखिलेश और उसका भाई राहुल निघासन नगर पंचायत में सफाईकर्मी हैं। पिता रामकिशन की काफी पहले मौत हो चुकी है। घर में मां रातरानी, छोटा भाई शिवम और 2 बहनों के अलावा पत्नी प्रीती और एक 11 साल की बेटी रिया है। परिवार ने बेटी को बहलाकर ले जाने की FIR कराई थी गांव में चर्चा है कि इदरीश और अखिलेश की बहन की बातचीत होती थी। 15 सितंबर (मंगलवार) को इदरीश लड़की को लेकर फरार हो गया। घरवालों ने तलाश की, लेकिन लड़की नहीं मिली। अगले दिन परिवारवालों ने इदरीश, उसके भाई और रिश्तेदारों के खिलाफ लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की FIR दर्ज कराई। 17 सितंबर को पुलिस ने युवती को गांव से ही बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस ने यह नहीं बताया कि लड़की किसके साथ मिली है। मामला दो समुदाय से जुड़ा था, इसलिए लड़की की बरामदगी के बाद गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। रातभर 10 से ज्यादा पुलिसकर्मी गांव में रहे और गश्त की। पुलिस के जाते ही गांव पहुंचा इदरीश 18 सितंबर (घटना वाले दिन) की सुबह कुछ देर के लिए पुलिस गांव में नहीं थी। उसी समय इदरीश अचानक आया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई। गांव के लोग कुछ बताने को तैयार नहीं कि गोली किसने चलाई थी? लोग जब इकट्‌ठे होकर पहुंचे, तो अखिलेश घायल हालत में तड़प रहा था, जबकि इदरीश की मौत हो चुकी थी। इदरीश के पास ही बंदूक पड़ी मिली थी। अब पढ़िए इदरीश की पत्नी ने जो कुछ बताया… शायरा ने बताया- मुझे पति के अफेयर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लड़की जब यहां से भाग कर गई, तो उसके दो दिन बाद लड़की के भाइयों ने मुझ पर हमला कर दिया। कहने लगे कि जो मेरी बहन को भगा ले गया है, हम उसकी पत्नी को मार डालेंगे। इसी डर से मैं अपने 10 साल के बच्चे को लेकर अपने मायके सिंघाही भाग गई थी। पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप इदरीश ने खुदकुशी नहीं की है, बल्कि अखिलेश, राहुल, पुत्तन, संदीप और शुभम ने मिलकर उसे जान से मार दिया। गोली इदरीश ने खुद नहीं मारी, बल्कि राहुल ने मारी है। यह मर्डर अखिलेश ने कराया है। हमने पुलिस में शिकायत की, लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही। जब से लड़की घर से गई थी, पुलिस हमारे घर पर लगातार छापे मारकर हमें प्रताड़ित कर रही थी। बोली- मुझे घर से भागकर मायके जाना पड़ा हमें घर पर नहीं रुकने दिया जा रहा था। यह पूरा कांड पुलिस की घोर लापरवाही से ही हुआ है। घटना वाले समय पुलिस हट गई थी। लेकिन उससे एक दिन पहले की रात पुलिस हमारे दरवाजे पर ही बैठी रही थी। एक दिन पहले हमारा 1 लाख 10 हजार का ऑटो बिका था। ये रुपया और घर में रखा बाकी रुपया वो लड़की अपने साथ लेकर चली गई थी। हमें पति का शव तक नहीं देखने दे रहे थे। हम अपने घर पर नहीं रहेंगे, तो बच्चे को लेकर कहां जाएंगे? हमें न्याय मिलना चाहिए। भांजा बोला- सुसाइड नहीं मर्डर हुआ इदरीश के भांजे मोहम्मद शादाब ने बताया- मामा की मौत कोई सुसाइड नहीं, बल्कि उसका मर्डर हुआ है। इतनी बड़ी बंदूक देखकर कोई भी समझ सकता है कि उससे खुद की कनपटी पर गोली नहीं मारी जा सकती। 15-20 दिन पहले ही हमें उनके अफेयर की जानकारी हुई थी। लड़की के परिवार को जब इसका पता चला था, तो उन्होंने शिकायत क्यों नहीं की। अगर शिकायत करते, तो यह घटना न होती। सरकार को मामले में इंसाफ करना चाहिए। अब पढ़िए घायल अखिलेश की पत्नी ने क्या बताया… प्रीती बताती है- घटना वाले दिन सुबह लगभग 6 बजे पुलिस हमारे घर से गई थी। उसके बाद करीब 7 बजे यह वारदात हुई। रातभर पुलिस हमारे साथ ही थी और पति पूरा सहयोग कर रहे थे। इदरीश ने पहले मेरे पति पर गोली चलाई, फिर मुझ पर भी फायरिंग की। मैं गिर गई, तो उसे लगा कि मुझे गोली लग गई है। मेरे पति को गोली मारने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली थी। हम लोग डर की वजह से घर के अंदर चले गए थे। इदरीश ने 15 तारीख को ननद का अपहरण किया था, जिसकी गवाह मेरी सास हैं। पुलिस ने ननद को बरामद कर लिया, जबकि इदरीश अपने रिश्तेदार के घर छिपा था। घटना में पुलिस की तरफ से कोई लापरवाही नहीं हुई है। उन लोगों ने पूरी मदद की है। मां बोली- बांका दिखाकर मेरे सामने से बेटी को ले गया अखिलेश की मां ने बताया- बेटी मेरे साथ टॉयलेट जा रही थी। इदरीश ने रास्ते में रोका और बांका तान दिया। उसने कहा कि अगर चिल्लाओगी तो मार देंगे। इसके बाद वह बेटी को लेकर निकल गया। हमारी तो इनसे कोई लड़ाई भी नहीं थी। लेकिन, वह बहुत बदमाश था। अगर वह मुझ पर बांका न तानता, तो मैं जरूर चिल्ला देती। ढखेरवा पुलिस चौकी के इंचार्ज SI अजय कुमार सिंह ने बताया कि न तो अभी लड़की का मेडिकल हुआ है न ही बयान हुए हैं। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। अखिलेश का इलाज चल रहा है। अखिलेश अस्पताल से लौट कर आएगा, तब आगे की कार्रवाई होगी। गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है। —————————– यह खबर भी पढ़ें… घर के बाहर लड़की के भाई को गोली मारी, लखीमपुर में लोगों ने चिल्लाकर कहा- ये क्या किया तो अपनी कनपटी में गोली मारकर जान दी यूपी के लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को एक युवक को उसके घर के बाहर गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद अपनी कनपटी पर भी गोली मारकर जान दे दी। आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *