फिरोजाबाद के कोटला चुंगी क्षेत्र में डीएवी इंटर कॉलेज के पास मंगलवार रात पत्नी को दूसरे युवक से बातचीत करते देख पति ने कथित तौर पर दोनों पर रिवॉल्वर से गोली चला दी। फायरिंग में पत्नी और युवक दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से उसकी रिवॉल्वर भी बरामद हुई है। घायल महिला की पहचान शिप्रा तैलंग निवासी गुंजन एंक्लेव के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल युवक सनी ठाकुर निवासी द्वारिका पुरी बताया गया है। शिप्रा के पति ऋषभ निवासी कोटला चुंगी पर दोनों को गोली मारने का आरोप है। बताया गया कि मंगलवार रात ऋषभ ने शिप्रा को सनी ठाकुर के साथ बातचीत करते देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद ऋषभ ने अपनी रिवॉल्वर से शिप्रा और सनी पर फायर कर दिया। गोली लगने से दोनों घायल होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, मौके से रिवॉल्वर बरामद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने रिवॉल्वर बरामद कर ली। बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर हथियार को कब्जे में लिया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने आरोपी पति ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से रिवॉल्वर बरामद हुई है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

